24 जून 2020 - 14:20
कोरोना की दूसरी लहर से दुनिया में ख़ौफ़...जंगलों की ओर से भाग रहे हैं ब्रीज़ीली नागरिक...ट्रम्प को अपनी मैक्सिको दीवार पर गर्व

अमरीका के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि देश के अनेक भागों में कोरोना के नए मामलों में आने वाली तेज़ी गंभीर चिंता का विषय है। दुनिया में यह महामारी अब तक 4 लाख 80 हज़ार से अधिक जानें ले चुकी है।

अमरीका में National Institute of Allergy and Infectious Diseases के प्रमुख एंथोनी फ़ाउची ने कहा है कि अमरीका में आने वाले महीनों में कोरोना वायरस की नई लहर आ सकती है।

फ़ाउची ने सेनेट की कमेटी के सामने बयान देते हुए कहा कि पिछले 24 घंटों में 32 हज़ार नए केस सामने आए हैं और अगले दो सप्ताह बहुत निर्णायक साबित हो सकते हैं।

कोरोना संक्रमण के भयानक रूप को देखते हुए आगामी 29 अगस्त को वाइट हाउस में पत्रकारों को दिया जाने वाला रात्रि भोज कैंसल कर दिया गया है।

लैटिन अमेरिकी देश ब्राज़ील में तो हालात इतने ख़राब हो गए हैं कि लोग जंगलों का रुख़ करने पर मजबूर हुए हैं। इस देश में अब तक 52 हज़ार से अधिक जानें जा चुकी हैं। ब्राज़ील में संक्रमितों की संख्या साढ़े 11 लाख से ज़्यादा हो चुकी है और लोगों में इतना भय फैल गया है कि बहुत से लोगों ने आबादी से दूर जाकर जंगलों में समय गुज़ारने का फ़ैसला किया है।

एंथोनी फ़ाउची ने कहा है कि अगले महीने में एक और वैक्सीन क्लिनिकल टेस्ट के तीसरे चरण में पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि टेस्ट के अब तक अच्छे परिणाम निकले हैं।

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कहा कि मैक्सिको की सीमा पर दीवार बनाने का उनका फ़ैसला बिल्कुल सही था। ट्रम्प का कहना था कि इस प्रकार के फ़ैसलों से अमरीका को कोरोना से बचाने में भी मदद मिली।